शहर और आसपास के इलाकों में सोने की चेन झपटमारी और चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते 2 सितंबर से 14 सितंबर के बीच जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चेन छिनतई और चोरी की कम से कम एक दर्जन से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं। कई मामलों में बाइक सवार बदमाशों ने महिलाओं को हथियार के बल पर निशाना बनाया, जबकि कुछ घटनाएं मंदिर और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर हुईं। यहां महिलाओं के गले से सोने की चेन गायब कर दी गई। लगातार हो रही इन वारदातों से लोगों में आक्रोश है। वहीं, घटनाओं ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था और बदमाशों पर निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
2 सितंबर से शुरू हुआ चेन छिनतई का सिलसिला
पुलिस डायरी के मुताबिक, 2 सितंबर को जिले के औराई की रहने वाली लाडली कुमारी से अहियापुर थाना क्षेत्र के सिपाहपुर इलाके में सोने की चेन और मंगलसूत्र की छिनतई हुई। घटना के बाद बदमाश फरार हो गए। इसके बाद 4 सितंबर को तुर्की थाना क्षेत्र में जेडीयू नेता राजेश मंडल की करीब 7 लाख रुपये कीमत की चेन उच्चकों ने उड़ा ली। इसी दिन मिठनपुरा थाना क्षेत्र के हरिसभा चौक स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी पूजा के दौरान भी चेन चोरी की कई घटनाएं सामने आईं। पूजा के दौरान करीब आधा दर्जन पुरुषों और महिलाओं के गले से चेन चोरी होने की बात सामने आई। इनमें आयुष तुलस्यान की 12 ग्राम, शक्तिनाथ मंदिर के पास रहने वाली सोनी कुमारी की 11 ग्राम, नई बाजार की मेघा कुमारी की 10.5 ग्राम, गोला रोड निवासी जय गोविंद कुमार की 17 ग्राम और आमगोला निवासी रंजना शर्मा की 10 ग्राम की सोने की चेन शामिल है। इसके बाद 5 सितंबर को सिकंदरपुर थाना क्षेत्र की प्रभात जर्दा गली में आशा अग्रवाल से 30 ग्राम की सोने की चेन छीन ली गई।
7 सितंबर को दो महिलाओं से छीनी चेन
इसके बाद 7 सितंबर को अहियापुर थाना क्षेत्र की डॉक्टर्स कॉलोनी में जैनेंद्र कुमार शर्मा की महिला रिश्तेदार से करीब 2 लाख रुपये कीमत की चेन छीन ली गई। इसी दिन आदर्श ग्राम में ज्योति झा से करीब 1.5 लाख रुपये की चेन झपट ली गई।
बुजुर्ग महिला और मेकअप आर्टिस्ट भी बनीं शिकार
12 सितंबर को सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के नाला रोड में बालूघाट निवासी बुजुर्ग महिला आशा देवी से चेन छिनतई की घटना हुई। इसके अगले दिन 13 सितंबर को मिठनपुरा के मालीघाट में घर के सामने मेकअप आर्टिस्ट प्रतिभा उपाध्याय से करीब 2.5 लाख रुपये कीमत की चेन छीन ली गई।
इसके बाद 14 सितंबर को काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के आमगोला इलाके में रानी देवी से करीब 2.5 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन झपट ली गई। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से शहर में चेन झपटमारी करने वाले बदमाशों की सक्रियता को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सड़क से मंदिर और भीड़भाड़ वाले इलाकों तक वारदात
चेन झपटमारी की इन घटनाओं में सड़क, मोहल्ले, मंदिर और भीड़भाड़ वाले इलाके शामिल हैं। कुछ मामलों में बाइक सवार बदमाशों ने महिलाओं को निशाना बनाया, जबकि मंदिर में पूजा के दौरान भी चेन चोरी की घटनाएं सामने आईं। लगातार हो रही वारदातों से महिलाओं में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस तरह की घटनाओं से महिलाओं में दहशत का माहौल भी बन रहा है।
पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
महज 15 दिनों में लगातार सामने आई इन घटनाओं ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था और बदमाशों पर अब तक की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही चेन झपटमारी की घटनाएं अपराध नियंत्रण को लेकर किए जा रहे दावों के सामने भी चुनौती पेश कर रही हैं। अब पुलिस के सामने चेन झपटमारी करने वाले गिरोह की पहचान करने और बदमाशों को गिरफ्तार करने के साथ ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की चुनौती है।