मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश ने शनिवार देर रात खूनी रूप ले लिया, जब एक युवक को उसके ही पड़ोसी ने घर के बाहर दरवाजे के पास आकर गोली मार दी। गोलीबारी की इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। अचानक गोली की आवाज सुनते ही घायल के परिजन घर से बाहर निकले और उसे खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे आनन-फानन में बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घायल की पहचान 24 वर्षीय कैलाश कुमार के रूप में हुई है। वह शाइन माली टोला, महावीर चौक का रहने वाला है और टेंट का काम करता है।
लगातार मिल रही थी गोली मारने की धमकी
गोली लगने से घायल कैलाश ने बताया कि वह अपना काम खत्म करके घर लौटा था। इसी दौरान खाना खाने के बाद वह सोने की तैयारी कर रहा था। तभी अचानक उसका एक पड़ोसी अपने पांच साथियों के साथ पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते पड़ोसी किशु ने उस पर गोली चला दी और फिर मौके से फरार हो गया। घायल ने बताया कि किशु से पहले भी उसका विवाद हुआ था और वह लगातार उसे गोली मारने की धमकी दे रहा था।
सभी लोग घर के अंदर थे
वहीं, इस वारदात को लेकर घायल के परिजनों ने बताया कि सभी लोग घर के अंदर थे। इसी दौरान अचानक फायरिंग की आवाज सुनाई दी। जब वे घर के बाहर निकले तो देखा कि कैलाश घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ा हुआ था। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया और पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
ये भी पढ़ें-
अंधाधुंध फायरिंग, 32 साल के युवक की हत्या; दूध लेकर शहर जाते समय अपराधियों ने बनाया निशाना
पूरे मामले की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ वेस्ट अनिमेष चंद्र ज्ञानी अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि गोली लगने की घटना हुई है। घायल ने अपने पड़ोसी किशु का नाम लिया है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। घायल के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।