मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर 17 वर्षीय किशोरी को प्रेमजाल में फंसाने और फिर उसका कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये की मांग करने का मामला सामने आया है। इस पूरे मामले में किशोरी ने अब थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपितों पर शादी का झांसा देने, वीडियो वायरल करने की धमकी देने और देह व्यापार के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर शुक्रवार को पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
‘फैसल’ नाम से बनाई फर्जी आईडी, बातचीत के बाद बढ़ाई नजदीकी
मामले में पीड़िता ने बताया है कि उसके इंस्टाग्राम पर ‘फैसल’ नाम की आईडी से एक युवक ने उससे संपर्क किया। इस दौरान पहले बातचीत में आरोपित ने उसकी आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी ली और सहानुभूति जताकर धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाईं। इसके बाद शादी का झांसा देकर किशोरी को विश्वास में लिया गया और उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया गया। वीडियो हाथ लगने के बाद कथित तौर पर उसे वायरल करने की धमकी देकर दबाव बनाया जाने लगा।
होटल में ग्राहकों के पास जाने का दबाव डालने का आरोप
पीड़िता किशोरी का आरोप है कि अब आरोपित और उसके पिता ने उस पर बड़े होटलों में ग्राहकों के पास जाकर देह व्यापार करने के लिए दबाव बनाया। इसके बदले ज्यादा पैसे मिलने का लालच भी दिया गया। इस मामले में किशोरी ने जब ऐसा करने से इनकार किया तो कथित तौर पर उसके वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई और दो लाख रुपये की मांग की गई।
मां की बाली बेचकर दिए 70 हजार, फिर भी नहीं रुके आरोपी
इस पूरे मामले में वीडियो वायरल होने के डर से परिवार ने मां की सोने की बाली बेचकर 70 हजार रुपये जुटाए। किशोरी के अनुसार, यह रकम आरोपितों के बताए एक बिचौलिए को दी गई। यही नहीं, इसके बावजूद कथित तौर पर आरोपितों ने बाकी 1.30 लाख रुपये की मांग जारी रखी। बाद में किशोरी का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
ये भी पढ़ें-
नालंदा खुला विश्वविद्यालय में बढ़े पांच नए कोर्स, अब 51 पाठ्यक्रमों में मिलेगा दाखिला; 21 सितंबर तक करें आवेदन
विरोध करने पर तेजाब फेंकने की धमकी देने का आरोप
मामले को लेकर पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि वीडियो वायरल किए जाने का विरोध करने पर फोन पर गाली-गलौज की गई। साथ ही चेहरे पर तेजाब फेंककर बदसूरत करने की धमकी दी गई। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पीड़िता का कहना है कि उक्त आरोपी इतनी बदसलूकी पर उतर आया कि उसके द्वारा अब उसके ऊपर तेजाब डालने तक की धमकी दी जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच, डिजिटल साक्ष्यों से खुलेगा पूरा नेटवर्क
पुलिस इस मामले में फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट, उससे जुड़े मोबाइल नंबर, बातचीत, वीडियो वायरल किए जाने और 70 हजार रुपये के लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों को खंगाल रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में कितने लोग शामिल हैं और किशोरी को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने के पीछे पूरा नेटवर्क क्या है। पुलिस का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसडीपीओ टाउन वन सुरेश कुमार ने बताया कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।