टेलर मास्टर का शव नहर में बरामद
- फोटो : Amar Ujala
मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नहर के पास मिला है। मृतक के गले और सिर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के कई निशान मिले हैं। हालांकि, पारू थाना पुलिस अब तक की जांच में इसे प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना का मामला बता रही है। मृतक की पहचान मुसहरी थाना क्षेत्र के चक लहलहाद गांव निवासी मोहम्मद इस्लाम के 30 वर्षीय पुत्र मोहम्मद सद्दाम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सद्दाम ने प्रेम प्रसंग के बाद पारू थाना क्षेत्र के मझौलिया निवासी एक युवती से प्रेम विवाह किया था। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
नौ साल पहले किया था प्रेम विवाह
मृतक के बड़े भाई मोहम्मद मोनाजिर ने बताया कि मोहम्मद सद्दाम ने करीब नौ वर्ष पहले पारू थाना क्षेत्र की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से वह अधिकतर अपने ससुराल में ही रहता था। मुसहरी थाना क्षेत्र के चक लहलहाद स्थित अपने पैतृक घर वह कभी-कभी ही आता-जाता था। उन्होंने बताया कि सोमवार की देर शाम सूचना मिली कि सद्दाम की मौत हो गई है। उसका शव पारू थाना क्षेत्र के पारू-जाफरपुर नहर के पास मिला है। शव पर गहरे जख्म के निशान हैं। गले पर गंभीर कट का निशान है और सिर पर भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं। उनका कहना है कि यह मामला सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का प्रतीत होता है, जिसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई है।
बकरीद के अवसर पर अपने ससुराल आया था
परिजनों के अनुसार, सद्दाम दुबई में टेलर मास्टर का काम करता था। वह बकरीद के अवसर पर अपने ससुराल आया था। उसकी मौत की खबर से पूरे परिवार में मातम का माहौल है। वहीं, मृतक के साले मोहम्मद शाहनवाज आलम ने बताया कि वह बिल्डिंग निर्माण कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान उनकी बहन का फोन आया और उसने सद्दाम की मौत की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर जा चुकी थी। उन्होंने कहा कि यह मामला हत्या भी हो सकता है और सड़क दुर्घटना भी। पुलिस ने दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है। सद्दाम बकरीद के मौके पर अपने ससुराल आया था और वहीं रह रहा था। सोमवार की शाम वह बाजार गया था, जिसके बाद रास्ते में उसका शव मिला।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: तेजस्वी यादव अब भी संतुष्ट नहीं, सरकार से न्यायिक जांच की मांग की; सीएम सम्राट पर भी साधा निशाना
इस पूरे मामले को लेकर पारू थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है। हालांकि, मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान भी मिले हैं। स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर के पास से बाहर निकाला गया और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों के बयान और आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।