मधुबनी सदर अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ
- फोटो : Amar Ujala
मधुबनी सदर अस्पताल में 11 वर्षीय बालक की इलाज के दौरान मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। मृतक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के सिमरी गांव निवासी राकेश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
सड़क दुर्घटना में घायल हुआ था बालक
बताया जा रहा है कि सड़क दुर्घटना में बालक घायल हो गया था। उसे पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में बच्चे का इलाज किया जा रहा था, लेकिन उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों ने इलाज के दौरान लापरवाही बरती। उनका कहना है कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद बच्चे का समुचित इलाज नहीं किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
डॉक्टरों के साथ भी हुई मारपीट
बच्चे की मौत के बाद परिजन उग्र हो गए और अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर के साथ मारपीट की गई। वहीं, ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ भी मारपीट की गई। अस्पताल में मरीजों के लिए रखी कुर्सियों समेत अन्य सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन लोग शांत नहीं हुए। करीब छह घंटे तक सदर अस्पताल में हंगामा जारी रहा। दर्जनों पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
ये भी पढ़ें-
Bihar: संपत्ति विवाद में कलयुगी बेटे ने मां की ईंट-पत्थर से पीट-पीटकर की हत्या, जायदाद को लेकर हुआ खूनी संघर्ष
स्थिति नियंत्रित में करने के लिए पुलिस बल तैनात
सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने बच्चे की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि चिकित्सकों ने उसका इलाज किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। उन्होंने कहा कि अस्पताल में तोड़फोड़ करना और चिकित्सकों के साथ मारपीट करना उचित नहीं है। इस घटना में सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल अस्पताल में हालात को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, बच्चे की मौत से परिजनों में गहरा आक्रोश और मातम का माहौल है।