सार
मुजफ्फरपुर के कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र में सड़क किनारे 20-25 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। चेहरे और गर्दन पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका है। पुलिस पहचान, मेडिकल जांच, एफएसएल जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
शव मिलने से सनसनी किन्नर की चर्चा
मुजफ्फरपुर जिले के कच्ची-पक्की ओपी थाना क्षेत्र में गुरुवार को सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पुरुषोत्तमपुर हाईस्कूल से करीब 500 मीटर पूर्व सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतक की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है।
शव के चेहरे और गर्दन पर चोट के निशान मिले हैं। मृतक ने महिला के कपड़े पहन रखे थे, जिसके कारण स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। कुछ लोगों ने मृतक के थर्ड जेंडर (किन्नर) होने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पढ़ें: 'लड़ाई में नहीं प्रशांत किशोर, दुकान चलाने के लिए बांकीपुर में उतरे'- चौधरी के तीखे बोल
सूचना मिलने पर कच्ची-पक्की ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने भी मौके पर जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शव को कहीं और से लाकर यहां फेंका गया है। चेहरे और गर्दन पर मिले जख्मों को देखते हुए हत्या के बाद शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
टाउन-2 की एसडीपीओ बिनीता सिन्हा ने बताया कि कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र में अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने मृतक के किन्नर होने की आशंका जताई है, इसलिए लिंग की पुष्टि के लिए मेडिकल जांच कराई जा रही है। आसपास के थानों में शव की तस्वीर भेजकर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।