Bihar News; परिजनों ने बताया कि लक्की रोजाना की तरह पढ़ाई के लिए जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान अचानक चीखने की आवाज आई। दौड़कर देखने पर पता चला कि उसे जहरीले सांप ने डस लिया है।
मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के बिशुनपुर पट्टी गांव में शुक्रवार को सांप के डंसने से 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी वीरेश राउत के पुत्र लक्की कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि लक्की रोजाना की तरह पढ़ाई के लिए जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान अचानक चीखने की आवाज आई। दौड़कर देखने पर पता चला कि उसे जहरीले सांप ने डस लिया है। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण उसे साहेबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। साहेबगंज थाना के सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार राम ने बताया कि परिजनों के अनुसार बच्चे की मौत सांप काटने से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। गांव में इस घटना से मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।