फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: सड़क हादसे में छात्रा की दर्दनाक मौत, परीक्षा दिलाने जा रहे पिता गंभीर रूप से घायल

Tue, 18 Aug 2026 07:56 AM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर

सार

मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में नेता चौक के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार छात्रा जुली की मौत हो गई, जबकि उसके पिता विजय कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
सड़क हादसे में छात्रा की मौत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में परीक्षा देने जा रही छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कांटी के नेता चौक के पास हुआ, जहां बाइक सवार पिता-पुत्री को एक अज्ञात अनियंत्रित वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि घायल पिता को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

परीक्षा दिलाने बेटी को बाइक से शहर ले जा रहे थे पिता

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान साहेबगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी विजय कुमार यादव की बेटी जुली के रूप में हुई है। विजय कुमार यादव साहेबगंज प्रखंड के वासुदेवपुर सराय में ग्राम कचहरी सचिव के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार को वह अपनी बेटी जुली को परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से मुजफ्फरपुर शहर की ओर जा रहे थे।

नेता चौक के पास अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

बताया गया कि जैसे ही दोनों कांटी थाना क्षेत्र के नेता चौक के पास पहुंचे, इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्री सड़क पर गिर पड़े। हादसे में जुली को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसके पिता विजय कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर जुटी लोगों की भीड़

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। हादसे की सूचना डायल-112 पुलिस टीम को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विजय कुमार यादव को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

छात्रा की मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम

हादसे की सूचना मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परीक्षा देने जा रही बेटी के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवती की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। दोनों की पहचान कर ली गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के बाद फरार हुए वाहन चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और वाहन चालक की तलाश जारी है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें