मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया थाना क्षेत्र के चांदपुरा हाई स्कूल के समीप बुधवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में 28 वर्षीय संजीत कुमार का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घर में चल रही शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। मृतक की पहचान जैतपुर थाना क्षेत्र के बासुदेवा गांव निवासी राम इकबाल ठाकुर के पुत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पेशे से कारपेंटर था।
शादी से पहले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के अनुसार, संजीत कुमार दो दिन पहले अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों के साथ ससुराल चांदपुरा आया था। गुरुवार को उसकी साली की पूजा-मटकोर की रस्म और शुक्रवार को शादी होनी थी। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
ससुराल पक्ष पर शक
घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के ससुर लगनदेव ठाकुर जब शव लेकर बासुदेवा पहुंचे, तो आक्रोशित परिजनों ने उन्हें बंधक बना लिया। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि संजीत ससुराल गया था, ऐसे में उसकी संदिग्ध मौत कई सवाल खड़े करती है। मृतक के चेहरे पर भी गहरे जख्म के निशान मिले हैं।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। वैज्ञानिक तरीके से जांच कर मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस हर पहलू पर गहराई से जांच में जुटी हुई है।