मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र में एक मुर्गा दुकानदार का शव चौड़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। इस घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में उसकी पहचान वैशाली जिले के कटहारा थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद नौशाद आलम (उम्र 45 वर्ष) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह बुधवार से लापता थे और गुरुवार को उनका शव मकई के खेत में बरामद किया गया।
घटना की सूचना और पुलिस जांच
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
परिजनों का बयान और लापता होने की कहानी
मृतक के परिजनों ने बताया कि उन्हें गुरुवार को सूचना मिली कि मकई के खेत में नौशाद आलम की बाइक खड़ी है और पास ही उनका शव संदिग्ध हालत में पड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि नौशाद आलम मुर्गा दुकान चलाते थे और बाजार में पेठिया लगाते थे। बुधवार को उन्होंने पेठिया नहीं लगाया, जिससे परिवार के लोग चिंतित हो गए। इसी दौरान आंधी-तूफान और बारिश होने के कारण परिजनों को लगा कि वह ससुराल चले गए होंगे, लेकिन बाद में उनके शव मिलने की खबर आई।
ये भी पढ़ें:
जमीन विवाद में खूनी खेल, बुजुर्ग के सिर पर हथौड़े से वार कर उतारा मौत के घाट, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस का बयान और आगे की कार्रवाई
पूरे मामले में एसडीपीओ ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गोविंदपुर छपरा गांव के चौड़ से एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक की पहचान कर ली गई है। वह वैशाली जिले के रहने वाले थे और उनकी शादी पियर थाना क्षेत्र में हुई थी। वह ससुराल में रहकर पास के इलाके में पेठिया लगाते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।