मुजफ्फरपुर के पारू थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए एक कुख्यात समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अपराधियों में मोतिहारी के डुमरिया थाना क्षेत्र का बबलू कुमार, साहेबगंज थाना क्षेत्र का कुख्यात चुन्नू कुमार और नजीरुद्दीन मियां उर्फ दुगली शामिल हैं।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, तीन कारतूस, लूटी गई बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल में एक फोन वही है, जो बीते दिनों सीएन कॉलेज के पास युवक गौरव कुमार से लूटा गया था। गौरव पर इन्हीं आरोपियों ने गोली चलाई थी।
पढ़ें: जमीन विवाद में गोली लगने से दो लोग हुए घायल, एक आरोपी गिरफ्तार; इलाके में दहशत का माहौल
पुलिस जांच में सामने आया है कि गौरव एक लड़की से बातचीत किया करता था, जिससे चुन्नू नाराज था। उसने गौरव से मोबाइल की मांग की, लेकिन इनकार पर उसे गोली मार दी और मोबाइल लेकर फरार हो गया।
ग्रामीण एसपी विद्यासागर ने बताया कि तीनों आरोपी एक ही बाइक पर घूम रहे थे और किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे। इसी दौरान वाहन जांच के क्रम में उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में इन अपराधियों ने कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। कुख्यात चुन्नू पर मुजफ्फरपुर और मोतिहारी में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।