भीषण सड़क दुर्धटना आधा दर्जन घायल
मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के मधौल में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सामने से आ रही कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क किनारे जाकर पलट गई। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से कार का शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया।
हादसा होते ही मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद सभी को इलाज के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। घटनास्थल से टक्कर मारने वाला वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।