मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत विशुनपुर बघनगरी पंचायत के भुट्टा चौक के पास सोमवार को अचानक तनाव की स्थिति बन गई। यहां लगे एक धार्मिक झंडे को अज्ञात लोगों ने हटा दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और मौके पर भीड़ जुट गई।
स्थिति की गंभीरता देखते हुए पुलिस दल-बल के साथ पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रशासन व स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से स्थिति को काबू में लिया गया। पुलिस की मौजूदगी में पुनः उसी स्थान पर झंडा लगाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे हालात सामान्य हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि भुट्टा चौक के पास बने विशाल द्वार पर यह झंडा लंबे समय से लगा हुआ था, जिसे अज्ञात असामाजिक तत्वों ने उखाड़ दिया। इससे लोगों में नाराजगी फैल गई।