फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुजफ्फरपुर में जमीन विवाद का बड़ा खुलासा: तोड़फोड़ में इस्तेमाल JCB का मालिक गिरफ्तार, अब तक 7 गिरफ्तारी

Sun, 30 Aug 2026 08:31 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर

सार

मुजफ्फरपुर के झपहां उदानडीह में चहारदीवारी और मकानों में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने जेसीबी मालिक सुबोध राय को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक सात गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और 28 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस ने जांच के लिए एसआईटी गठित की है।
विज्ञापन
पुलिस ने की कार्रवाई।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां उदानडीह में कई लोगों की चहारदीवारी और अर्धनिर्मित मकानों में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने अब जेसीबी मालिक को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस की ओर से यह सातवीं गिरफ्तारी है।

विज्ञापन


गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन 20 अगस्त को अमित सिंह नामक व्यक्ति ने 4,500 रुपये में जेसीबी किराये पर ली थी। तोड़फोड़ के दौरान जेसीबी मालिक के भी घटनास्थल पर मौजूद होने की बात सामने आई है। इस पूरे प्रकरण में 28 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। मामले को लेकर रविवार को एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।

पुलिस ने नए मामले दर्ज कर कार्रवाई तेज की
एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा ने बताया कि झपहां के उदानडीह में स्कॉर्पियो, थार, जेसीबी और बाइक से पहुंचे लोगों पर पूर्व से बनी चहारदीवारी और कई अर्धनिर्मित मकानों में तोड़फोड़ करने का आरोप है। इस मामले में पीड़ित पक्ष के आवेदन पर पहले 22 मामले दर्ज किए गए थे। इसके बाद छापेमारी और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर छह और प्राथमिकी दर्ज की गईं।

शहर के इस इलाके में 35 लाख रुपये की जमीन की रजिस्ट्री को लेकर केस

विज्ञापन

एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा ने बताया कि 28 अगस्त को ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र की महिला आशा देवी ने भूमि कब्जा गिरोह के खिलाफ आवेदन दिया था। महिला ने आरोप लगाया है कि कोल्हुआ पैगंबरपुर स्थित उनके और उनके पति की जमीन के कागजात में धोखाधड़ी और जालसाजी कर 35 लाख रुपये का बिक्री दस्तावेज तैयार किया गया, लेकिन उन्हें कोई राशि नहीं मिली। इस मामले में राहुल ठाकुर, उज्ज्वल कुमार पांडेय, कार्तिक कुमार, बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू और उनके भाई सोनू कुमार उर्फ अभिनव को नामजद किया गया है।

जमीन की खरीद-बिक्री में लोजपा विधायक की मां के नाम से भी रजिस्ट्री
जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच में आगे की रजिस्ट्री से संबंधित कागजात सामने आए हैं। इनमें विधायक की मां सुधा देवी के नाम तीन डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री भी दर्ज है। पीड़िता का आरोप है कि जमीन के बदले उन्हें अब तक कोई राशि नहीं मिली है।

वहीं, 29 अगस्त को अहियापुर थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर में विजय कुमार ने अपनी करीब 70 डिसमिल पुश्तैनी और खतियानी जमीन को लेकर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि कृष्णनंदन पासवान के नाम कथित रूप से कूटरचित दस्तावेज के आधार पर दाखिल-खारिज कराया गया। इसी जमीन को बेलसंड विधायक के भाई अभिनव कुमार, अरविंद कुमार मेहता और तुषार सिंह के नाम से पंजीकृत दिखाकर दोबारा दाखिल-खारिज कराने का भी आरोप लगाया गया है।

अब तक सात गिरफ्तारियां, SIT करेगी आगे की जांच
इस पूरे मामले में अब तक सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपितों में नन्हे सिंह, छोटू यादव, सुमित श्रीवास्तव, सनी सिंह, आनंद कुमार, विकास राठौड़ और अब सुबोध राय शामिल हैं। एसडीपीओ विनीता सिन्हा ने बताया कि सभी दर्ज मामलों में एसआईटी का गठन कर आगे की जांच की जा रही है। जांच में जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उसके आधार पर अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने बताया कि आगे कानूनी प्रावधानों के तहत आरोपितों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। इस मामले में पुलिस अन्य सभी बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।

पुलिस ने की कार्रवाई।

 

कार्रवाई के दौरान की तस्वीर।

 

 

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें