मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर ओपी क्षेत्र के मंगुरहा ताजपुर में सोमवार को खजूर के पेड़ से एक अधेड़ व्यक्ति का शव लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। मृतक की पहचान बरूराज थाना क्षेत्र के गोखुला गांव निवासी बालदेव महतो (55) के रूप में हुई है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि बालदेव महतो प्रतिदिन शौच के लिए घर से निकला करते थे। सोमवार को भी वे इसी तरह निकले थे। कुछ देर बाद गांव के लोगों ने उन्हें सूचना दी कि उनका शव खजूर के पेड़ से लटका हुआ है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो बालदेव महतो मृत अवस्था में पेड़ से लटके मिले। परिजनों ने बताया कि उनका किसी से कोई शिकायत नहीं है और कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से बीमार चल रहे थे। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजन रो-रो कर बुरा हाल हो गए।
पढ़ें- Bihar: सरकारी अस्पताल में फ्रैक्चर पीड़िता को नहीं मिली व्हीलचेयर, विभाग-दर-विभाग पति पीठ पर ढोता रहा पत्नी
सूचना मिलते ही राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि एक बुजुर्ग का शव खजूर के पेड़ से लटका मिला है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया है ताकि साक्ष्यों का संग्रह किया जा सके।
परिजनों ने इस घटना को लेकर किसी पर भी कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और हर संभावित पहलू की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही घटना के सटीक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल इलाके में शोक का माहौल है और लोग घटना से सदमे में हैं।