मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित चिकित्सा मंडी जूरन छपरा के एक निजी अस्पताल में शुक्रवार को इलाजरत महिला मरीज की मौत हो गई। मरीज की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी। परिजनों के हंगामे से मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। मृतका नवविवाहिता की पहचान मनियारी थाना क्षेत्र के रामपुरकशी नटरौली गांव निवासी राकेश सहनी की 22 वर्षीय पत्नी प्रीति देवी के रूप में हुई है। प्रीति देवी की शादी महज छह माह पहले हुई थी। सूचना मिलने के बाद ब्रह्मपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
उल्टी की शिकायत पर कराया गया था भर्ती
मृतका के परिजनों ने बताया कि प्रीति देवी को गुरुवार को उल्टी की शिकायत होने पर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि मरीज को सिर्फ उल्टी की शिकायत थी और कोई गंभीर बीमारी नहीं थी, ऐसे में उसकी मौत कैसे हो गई।
अस्पताल पर लापरवाही का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रीति देवी की मौत अस्पताल की लापरवाही के कारण हुई है। उनका कहना है कि इलाज में गंभीर चूक की गई, जिसकी वजह से नवविवाहिता की जान चली गई।
अस्पताल कर्मियों पर दुर्व्यवहार का आरोप
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मौत के बाद जब उन्होंने अस्पताल कर्मियों से सवाल पूछे तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। आरोप है कि अस्पताल कर्मचारियों ने उन्हें धक्का देकर बाहर निकाल दिया।
हंगामे के बाद अस्पताल स्टाफ मौके से फरार
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए अस्पताल के स्टाफ और संचालक मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें:
खेत जाने निकली थीं किशोरियां, मां के सामने गंडक नदी में समा गईं तीन बेटियां, NDRF-SDRF का रेस्क्यू जारी
पुलिस जांच में जुटी
पूरे मामले पर ब्रह्मपुरा थाना प्रभारी विपिन रंजन ने बताया कि मरीज की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों का आरोप है कि लापरवाही से मौत हुई है। उन्होंने बताया कि हंगामा कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया है। परिजनों का बयान दर्ज किया जा रहा है और शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया की जा रही है।