नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर शहर में मां दुर्गा की भक्ति और शक्ति का माहौल है। इसी बीच मुजफ्फरपुर के दुर्गा पूजा मंडप ने एक ऐतिहासिक क्षण देखा, जब नव दुर्गा शक्ति सम्मान से जिले की नौ महिलाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सम्मानित महिलाओं में डॉ. चंचला कुमारी को शिक्षा और रिसर्च क्षेत्र में उनके योगदान के लिए, डॉ. कुमारी वंदना को समाजसेवा और महिला उत्थान कार्य में सक्रिय रहने के लिए, शिउली भट्टाचार्य को संस्कृति और कला के क्षेत्र में योगदान देने के लिए, प्रीती कश्यप को सामाजिक जागरूकता अभियानों की अगुवाई करने के लिए, डॉ. रंजना भारती को स्वास्थ्य शिक्षा में कार्यरत रहने के लिए, डॉ. मिनाक्षी को मेडिकल और सेवा क्षेत्र में योगदान देने के लिए, डॉ. प्रज्ञा कुमारी को युवा पीढ़ी को प्रेरित करने वाली शिक्षाविद के रूप में, पूनम वर्मा को ग्रामीण विकास और महिला समूहों की अगुवाई करने के लिए और साक्षी को समाज सुधार और जनहित कार्यों में सक्रिय रहने के लिए सम्मानित किया गया।
पढ़ें: नवादा से जुड़ेगा पावापुरी, 25 KM नई रेल लाइन को मिली मंजूरी; बिहटा-अनुग्रह नारायण रोड को भी सौगात
इन महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और कार्यों से साबित किया है कि नारी शक्ति हर क्षेत्र में परिवर्तन की असली धुरी है। इस सम्मान का उद्देश्य केवल महिलाओं को सम्मानित करना नहीं है, बल्कि यह संदेश देना भी है कि समाज में नारी शक्ति निर्णायक भूमिका निभाती है। समारोह में लोगों ने कहा कि नारी केवल घर की धुरी नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र की आत्मा है। जब उन्हें अवसर और पहचान मिलती है, तो वे हर क्षेत्र में असाधारण योगदान देती हैं। नव दुर्गा शक्ति सम्मान एक दीपस्तंभ की तरह है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। यह पहल समाज में नारी के प्रति दृष्टिकोण बदलने और उन्हें प्रोत्साहित करने का संदेश देती है।