भारत सरकार में केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद राजभूषण चौधरी निषाद ने वीआईपी (VIP) पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी द्वारा पप्पू सहनी एनकाउंटर को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पप्पू सहनी का आपराधिक इतिहास रहा है और पुलिस पर हमला करने के दौरान आत्मरक्षा में हुई कार्रवाई के दौरान उसकी मौत हुई थी। ऐसे में किसी भी अपराधी का बचाव नहीं किया जाना चाहिए।
कानून के शासन में विश्वास रखते हैं- केंद्रीय मंत्री राजभूषण चौधरी निषाद
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति जाति के आधार पर अपराधियों का समर्थन करता है, तो यह समाज के हित में नहीं है। उन्होंने कहा, 'गलत करने वाला चाहे अपनी बिरादरी का ही क्यों न हो, उसका बचाव कभी नहीं करना चाहिए। हम जाति की राजनीति नहीं करते, बल्कि कानून के शासन में विश्वास रखते हैं।'
दरअसल, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने हाल ही में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए पप्पू सहनी के एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने एक महीने का समय देते हुए चेतावनी दी थी कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन और सड़क जाम किया जाएगा।
पप्पू सहनी ने पुलिस पर चलाई थी गोली
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री राजभूषण चौधरी निषाद ने कहा कि पुलिस पहले ही पूरे मामले में अपना पक्ष स्पष्ट कर चुकी है। उनके अनुसार, जब पुलिस पप्पू सहनी को पकड़ने गई थी, तब उसने पुलिस टीम पर गोली चलाई थी, जिसमें एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ था। उन्होंने कहा कि पप्पू सहनी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और ऐसे लोगों का समर्थन नहीं किया जाना चाहिए।
ये भी पढ़ें-
Bihar: पत्नी के विवाद में खूनी खेल! जीजा ने दोस्त के साथ मिलकर साले को मारी गोली, हालत गंभीर
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि मुकेश सहनी लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। आम लोगों को ऐसे बयानों से सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने कहा, 'सच्चाई को स्वीकार करना चाहिए, न कि गलत कार्य करने वालों का समर्थन। ऐसे रवैये से प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित होती है और न्याय प्रक्रिया भी बाधित होती है।'