ईरान से लौटे मुजाहिद हुसैन ने पीएम मोदी का जताया आभार
- फोटो : अमर उजाला
ईरान में हालात बिगड़ने के बीच जियारत के लिए गए मुजफ्फरपुर के सैयद मुजाहिद हुसैन सकुशल भारत लौट आए हैं। भारत पहुंचने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि सरकार की पहल से ही यह सुरक्षित वापसी संभव हो सकी।
मुजफ्फरपुर आगमन पर भावुक पल
ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के किला रोड निवासी सैयद मुजाहिद हुसैन जैसे ही मुजफ्फरपुर स्थित अपने पैतृक घर पहुंचे, वे भावुक हो गए। उनके आगमन पर परिचितों और शुभचिंतकों ने स्वागत किया और सुरक्षित लौटने पर बधाई दी। बताया गया कि वे बिहार लौटने वाले एकमात्र व्यक्ति हैं।
ईरान में बने हालात और चिंता
मुजाहिद हुसैन ने बताया कि करीब दस दिन पहले ईरान में अराजक स्थिति उत्पन्न हो गई थी और देशभर में प्रदर्शन शुरू हो गए थे। विभिन्न शहरों में उथल-पुथल बढ़ने से भारत लौटने को लेकर चिंता सताने लगी थी और हालात को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी।
सरकार और दूतावास की भूमिका
उन्होंने बताया कि इस दौरान भारत सरकार और ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों को जानकारी दी कि सरकार उन्हें सुरक्षित वापस लाएगी। इसके बाद एयर इंडिया की फ्लाइट के माध्यम से सभी भारतीयों को सकुशल भारत लाया गया।
पढ़ें- Bihar News: बदमाशों ने दिनदहाड़े ब्लेड मारकर थैला काटा, पीएनबी से निकले कर्मी के सैलरी के 1.40 लाख रुपये उड़ाए
परिवार के बीच लौटने की खुशी
भारत लौटकर परिवार के बीच पहुंचने पर खुशी जाहिर करते हुए मुजाहिद हुसैन ने कहा कि उन्हें भारत और देश के प्रधानमंत्री पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि भारत का कोई भी नागरिक यदि विदेश में फंसता है तो सरकार उसे सुरक्षित वापस लाने का प्रयास करती है।
धार्मिक गुरु की प्रतिक्रिया
इस अवसर पर शिया धर्म गुरु सैयद वकार अहमद रिजवी ने कहा कि भारत की सदियों पुरानी महान परंपरा का परिणाम है कि जियारत के लिए गए लोग सुरक्षित लौट सके। उन्होंने भारत और ईरान की पुरानी मित्रता के बने रहने की कामना भी की।