Bihar News:मुजफ्फरपुर के अहियापुर में लीची बागान में नाबालिग का शव पेड़ से लटका मिला। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं, जबकि पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रही है। एफएसएल जांच जारी है, इधर, परिजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पढ़ें पूरी खबर...
मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित जगदम्बा नगर के लक्ष्मी नगर में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक लीची बागान में 16 वर्षीय किशोर का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान किशन पटेल के रूप में हुई है, जो आजाद ट्रांसपोर्ट के पास का रहने वाला बताया जा रहा है।
विज्ञापन
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह बागान में पेड़ से लटका शव दिखाई देने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की।
मौके से पुलिस ने जब्त किया सामान
पुलिस ने मौके से चप्पल, मोबाइल फोन और व्हाइटनर बरामद किया है, जिससे मामले में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम को भी बुलाया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है।
विज्ञापन
नशे का आदी था युवक
मृतक की मां अनीता देवी ने आरोप लगाया है कि उनका बेटा शनिवार शाम से लापता था और कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद से वह गायब हो गया। वहीं, मृतक के भाई का कहना है कि किशन नशे का आदी था।
इस पूरे मामले पर टाउन टू एसडीपीओ विनीता सिन्हा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।