मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र के शिवदासपुर में एक किशोरी का शव तालाब में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। तालाब में शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतका की पहचान कटरा थाना क्षेत्र के शिवदासपुर निवासी मो. आताउल की 17 वर्षीय पुत्री अहमदी खातून के रूप में की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इस घटना के बाद परिजनों में चीत्कार मचा हुआ है।
परिजनों ने क्या बताया?
घटना को लेकर मृतका की मां सगीरा खातून ने बताया कि रात 9 बजे सभी लोग खाना खाकर सो गए थे। अहमदी खातून अपनी छोटी बहन के साथ सोती थी। सुबह करीब 4 बजे अजान के समय जब सभी लोग उठे, तो वह अपने कमरे में नहीं थी। इसकी जानकारी छोटी बेटी ने दी। इसके बाद परिवार के लोग उसकी खोजबीन करने लगे।
खोजबीन के दौरान मिली लाश
खोजबीन के दौरान गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि तालाब में एक शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर देखा तो वह उनकी बेटी अहमदी थी। वह वहां कब और कैसे पहुंची, इसकी जानकारी नहीं है। परिवार का किसी से कोई विवाद भी नहीं है। परिजनों ने बताया कि अहमदी ने इस वर्ष मैट्रिक की परीक्षा दी थी और कम नंबर आने के कारण वह परेशान रहती थी।
ये भी पढ़ें:
चार साल की बच्ची से नाबालिग ने किया दुष्कर्म, घर से दो सौ मीटर दूरी खेत में हुआ कुकर्म
पुलिस जांच में जुटी
इस मामले में कटरा थाना प्रभारी ने बताया कि सुबह शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तालाब में तैर रहे शव को बाहर निकाला। मृतका की पहचान कर ली गई है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है और मामले की जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। परिजनों द्वारा मैट्रिक परीक्षा में कम नंबर आने की बात बताई गई है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।