मुजफ्फरपुर जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता की मौत हो गई है। मौत को लेकर मृतका के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं पर मामले की जांच में जुटी हुई है। मौत के बाद से ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं। मृतका की शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी। पूरा मामला जिले के सरैया थाना क्षेत्र के अजीतपुर ओपी इलाके का है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय काजल कुमारी, पति मुन्ना सहनी, निवासी अजीतपुर के रूप में हुई है।
मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
इस घटना को लेकर मृतका काजल कुमारी की बहन मंजू देवी ने बताया कि उसकी बहन की शादी तीन साल पहले बड़ी धूमधाम से अजीतपुर निवासी बिंदेश्वरी सहनी के पुत्र मुन्ना सहनी के साथ हुई थी। शादी के एक वर्ष तक सब कुछ ठीक-ठाक चला, लेकिन उसके बाद पति-पत्नी के बीच कहासुनी होने लगी। मंजू देवी के अनुसार, ससुराल पक्ष के लोग लगातार पैसों की मांग कर रहे थे और वे लोग आर्थिक रूप से सक्षम नहीं थे। इसी कारण काजल को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
कई बार परिवार को बताई थी प्रताड़ना की बात
मंजू देवी ने बताया कि काजल ने कई बार अपने परिवार को प्रताड़ना की जानकारी दी थी, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला। उन्होंने आरोप लगाया कि आखिरकार सभी ने मिलकर काजल की हत्या कर दी। परिवार का संदेह तब और बढ़ गया जब मौत की सूचना उन्हें पुलिस द्वारा दी गई। पुलिस ने बताया कि काजल ने कमरे में आत्महत्या की है, जबकि परिवार का कहना है कि यह हत्या है और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें:
आकाशवाणी पटना की नई पहल, अब भोजपुरी में भी सुन सकेंगे प्रादेशिक समाचार
पुलिस बोली- सभी बिंदुओं पर हो रही जांच
इस पूरे मामले में सरैया थाना पुलिस ने बताया कि संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव कमरे से बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।