पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा
- फोटो : Amar Ujala
मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती के साथ शादी का झूठा वादा कर तीन दिनों तक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
शादी का झांसा देकर बंधक बनाया
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ ले गया और एक घर के कमरे में बंद कर बंधक बना लिया। वहां तीन दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे घर के पास छोड़कर यह कहकर चला गया कि वह कुछ देर में लौटेगा, लेकिन वापस नहीं आया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीन दिनों तक कमरे में बंद रखकर किया गया दुष्कर्म
मामले को लेकर पीड़िता ने बताया कि आरोपी शादी का भरोसा देकर उसे अपने साथ ले गया था। रास्ते में एक स्थान पर रुकने के बाद वह उसे अपने ठिकाने पर ले गया, जहां कथित रूप से तीन दिनों तक एक कमरे में बंद रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। तीन दिन बाद आरोपी युवती को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया। घर लौटने पर पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहा परिवार
इस मामले में पीड़िता के परिजनों का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक और मानसिक शोषण किया है। घटना के बाद से परिवार आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहा है। पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि अब उसके पास कानून का सहारा लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। आरोपी फिलहाल फरार है।
ये भी पढ़ें-
काम से लौट रहे मजदूरों पर टूटा दुखों का पहाड़, अनियंत्रित ऑटो की दीवार से टक्कर; एक की मौत व चार गंभीर
वहीं, पूरे मामले में सकरा थाना प्रभारी शिवेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि युवती के गायब होने की सूचना मिली थी। सोमवार को युवती के परिजनों द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।