Bihar: मृतक की पहचान कांटी थाना क्षेत्र के 45 वर्षीय मनोज कुमार के रूप में हुई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा रहा है कि काम के दौरान एक शख्स बिजली का स्विच ऑन करता है और उसी दौरान मनोज मशीन की चपेट में आकर हादसे का शिकार हो जाते हैं।
मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के कपरपूरा गांव स्थित एक फ्लाई ऐश मशीन फैक्टरी में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। काम करने के दौरान मशीन में फंसने से मजदूर की मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद मृतक मजदूर के परिजनों ने फैक्टरी गेट पर शव रखकर जमकर हंगामा किया। उनका आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। परिजनों का कहना है कि घटना की जानकारी समय रहते देने के बजाय मौत की सूचना दी गई। आक्रोशित लोगों ने फैक्ट्री को सील करने की मांग करते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने फैक्टरी को सील कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान कांटी थाना क्षेत्र के 45 वर्षीय मनोज कुमार के रूप में हुई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा रहा है कि काम के दौरान एक शख्स बिजली का स्विच ऑन करता है और उसी दौरान मनोज मशीन की चपेट में आकर हादसे का शिकार हो जाते हैं। इस मामले में डीएसपी वेस्ट सुचित्रा कुमारी ने बताया कि फैक्टरी में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल फैक्टरी को सील कर दिया गया है।