मुजफ्फरपुर जिले की औराई से विधायक रमा निषाद एक बार फिर मंत्री बनने जा रही हैं। विधानसभा चुनाव 2025 में औराई से विधायक बनीं रमा निषाद को सम्राट चौधरी सरकार में फिर से मंत्री पद की जिम्मेदारी दी जा रही है। बिहार सरकार ने महिला मंत्री के रूप में उन पर भरोसा जताया है। पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ता के रूप में लंबे समय से सक्रिय रहने का उन्हें यह बड़ा राजनीतिक पुरस्कार माना जा रहा है।
मजबूत राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं रमा
रमा निषाद बेहद मजबूत राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वह मुजफ्फरपुर संसदीय क्षेत्र से दो बार बीजेपी सांसद रहे अजय निषाद की पत्नी हैं। साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री और जेडीयू नेता स्वर्गीय कैप्टन जयनारायण निषाद की बहू हैं। उनका परिवार लंबे समय से बिहार की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है।
राजनीतिक सफर और सामाजिक सक्रियता
रमा निषाद का राजनीतिक अनुभव काफी पुराना है। वह लंबे समय तक अपने पति अजय निषाद के चुनाव प्रचार अभियान की जिम्मेदारी संभालती रही हैं। इसके अलावा वह हाजीपुर नगर परिषद की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उनके ससुर कैप्टन जयनारायण निषाद भी हाजीपुर नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर लंबे समय तक रहे थे। रमा निषाद कई सामाजिक संगठनों से भी जुड़ी हुई हैं और राजनीति के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में उनकी विशेष रुचि रही है। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं, जिनमें एक बेटी की शादी हो चुकी है।
ये भी पढ़ें:
पटना में NDA का शक्ति प्रदर्शन, पीएम की मौजूदगी में हुआ सम्राट कैबिनेट विस्तार
नीतीश कुमार ने पहनाई थी जीत की माला
रमा निषाद इससे पहले वर्ष 2025 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार में पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री रह चुकी हैं। वह उस समय सबसे ज्यादा चर्चा में आई थीं, जब मीनापुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें मंच पर जीत की माला पहनाई थी। विधायक रमा निषाद का परिवार मुजफ्फरपुर के कच्ची-पक्की इलाके में आलीशान घर में रहता है। इसके अलावा हाजीपुर में उनकी गैस एजेंसी है, औराई में पैतृक जमीन है तथा हाजीपुर के हथसारगंज इलाके में भी उनका मकान है।