आईपीएस मोहिबुल्ला अंसारी ने लिया चार्ज
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर के नए सिटी एसपी के रूप में तेज तर्रार आईपीएस अधिकारी मोहिबुल्ला अंसारी ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। बिहार पुलिस सेवा में हुए बड़े फेरबदल के बाद उन्हें शहरी क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदभार संभालने के दौरान कार्यालय कर्मियों ने उनका स्वागत किया, वहीं कई अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
2021 बैच के आईपीएस को मिली अहम जिम्मेदारी
2021 बैच के आईपीएस अधिकारी मोहिबुल्ला अंसारी को मुजफ्फरपुर नगर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। चार्ज लेने के बाद उन्होंने शहरी क्षेत्र में अपराध की स्थिति और पैटर्न को समझने के लिए विभिन्न स्थानों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शहर के सभी थाना प्रभारियों से बातचीत कर मौजूदा हालात और चुनौतियों पर चर्चा की।
माफियाओं पर सख्त कार्रवाई का एलान
पदभार ग्रहण करते हुए सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि भू माफिया, बालू माफिया और शराब माफिया के खिलाफ विशेष रूप से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में स्नैचिंग, गृह भेदन, अवैध शराब कारोबार और संगठित आपराधिक गिरोहों पर नकेल कसना प्राथमिकता होगी।
पढ़ें- Bihar: ‘मुन्ना शुक्ला का भतीजा हूं... चीर दूंगा’, स्टेशन मास्टर की धमकी वाला वीडियो वायरल; माफी क्यों मांगी?
अपराधियों को खुली चेतावनी
आईपीएस मोहिबुल्ला अंसारी ने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि यदि कोई शहर में अपराध कर बचने की कोशिश करेगा तो उसे पाताल से भी ढूंढ निकाल लिया जाएगा। उन्होंने मुजफ्फरपुर को अपराध मुक्त और भय मुक्त बनाने की दिशा में निर्णायक कार्रवाई की बात कही।
क्राइम हॉटस्पॉट पर विशेष नजर
सिटी एसपी ने बताया कि शहर में सक्रिय चेन स्नैचिंग गैंग और आपराधिक समूहों पर कार्रवाई के लिए पुलिस की गश्ती टीमों को सक्रिय किया जाएगा। सादे कपड़ों और वर्दी में पुलिसकर्मियों को क्राइम हॉटस्पॉट चिन्हित कर तैनात किया जाएगा, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।