Bihar: स्थिति बिगड़ते देख धर्मशिला गुप्ता ने तुरंत माफी मांगते हुए सफाई दी कि यह महज जुबान फिसलने की वजह से हुआ है और उनका मकसद भाजपा प्रत्याशी को आशीर्वाद देना था। बावजूद इसके कार्यकर्ताओं का गुस्सा लंबे समय तक शांत नहीं हुआ।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
मुजफ्फरपुर जिले के बोचहा विधानसभा क्षेत्र के रोहुआ गांव में सोमवार को आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भारी हंगामा हो गया। इस दौरान मंच पर मौजूद डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा समेत कई भाजपा नेता गवाह बने।
दरअसल, सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता की जुबान फिसल गई। उन्होंने मंच से निर्दलीय पूर्व विधायक और एनडीए प्रत्याशी रह चुकीं बेबी कुमारी को जीत की अग्रिम बधाई दे दी। यह सुनते ही भाजपा प्रत्याशी और पूर्व मंत्री स्व. रमई राम की पुत्री गीता देवी के समर्थक भड़क गए। दोनों गुटों के बीच पहले नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई और देखते ही देखते पूरे सम्मेलन का माहौल हंगामे में बदल गया। मंच पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति बिगड़ते देख धर्मशिला गुप्ता ने तुरंत माफी मांगते हुए सफाई दी कि यह महज जुबान फिसलने की वजह से हुआ है और उनका मकसद भाजपा प्रत्याशी को आशीर्वाद देना था। बावजूद इसके कार्यकर्ताओं का गुस्सा लंबे समय तक शांत नहीं हुआ और लगातार नारेबाजी होती रही।
इस घटना ने भाजपा की अंदरूनी खींचतान और असंतोष को उजागर कर दिया है। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि चुनावी माहौल में हुई इस गलती ने भाजपा की रणनीति और संगठनात्मक एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।