मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर रिश्तेदारों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में 60 वर्षीय भोला अंसारी और उनकी नौ वर्षीय पोती अनब खातून की मौत हो गई। हमले में दो लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर, सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर और साहेबगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
परिजनों के अनुसार, भोला अंसारी और उनकी पोती अनब खातून घर के एक कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान साहेबगंज थाना रोड निवासी बशीर मियां के 27 वर्षीय पुत्र अल्ताफ आलम कथित तौर पर घर में घुसा और हमला कर दिया। हमले में भोला अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनब खातून गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया
हमले के दौरान भोला अंसारी के 35 वर्षीय पुत्र मोहम्मद शमीम अंसारी बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, आरोपी पक्ष के एक व्यक्ति के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत के बाद परिजनों में मातम पसरा है। घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस गांव और आसपास के इलाकों में निगरानी कर रही है।
पुरानी रंजिश को लेकर चल रहा था विवाद
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि घटना में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
ये भी पढ़ें- Bihar: छपरा-पटना NH-19 पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत; ग्रामीणों ने जाम किया हाईवे
आरोपी पक्ष का भी एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है। घटना के कारणों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।
मामले की जांच करती पुलिस टीम मौके पर।
दादा पोती की हत्या के स्थानीय लोगों की मौके पर भीड़।