बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के लोगों के लिए हवाई सेवा से जुड़ी बड़ी और अच्छी खबर सामने आई है। लंबे समय से पताही हवाई अड्डे से विमान सेवा शुरू होने का इंतजार कर रहे लोगों की उम्मीदों को अब पंख लगते नजर आ रहे हैं। पताही हवाई अड्डे के निर्माण कार्य और शिलान्यास की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगामी 7 सितंबर को संभावित कार्यक्रम के तहत मुजफ्फरपुर आने की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे और शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन के अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं।
इसी क्रम में सोमवार शाम पताही हवाई अड्डे का अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण किया। डीएम कुमार गौरव, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र, एसडीएम पश्चिमी, एसडीएम पूर्वी, एसडीपीओ सरैया और डीजीसीए के अधिकारियों ने पताही हवाई अड्डे के रनवे सहित पूरे परिसर का जायजा लिया। अधिकारियों ने हवाई अड्डे के अलग-अलग हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया और संभावित कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सितंबर के दूसरे सप्ताह तक शिलान्यास की उम्मीद
पताही हवाई अड्डे के शिलान्यास को लेकर सितंबर के दूसरे सप्ताह तक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मुजफ्फरपुर आगमन की उम्मीद जताई जा रही है। मुख्यमंत्री ने इससे पहले मुजफ्फरपुर में कई योजनाओं की सौगात देने के दौरान जल्द ही पताही हवाई अड्डे के शिलान्यास की घोषणा की थी। संभावित शिलान्यास कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ बिहार सरकार के डिप्टी सीएम और मंत्री भी शामिल हो सकते हैं। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी को लेकर अधिकारियों की टीम ने हवाई अड्डे के रनवे और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम बोले- शिलान्यास से पहले हर कमी दूर करने की तैयारी
निरीक्षण के बाद जिला अधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि पताही हवाई अड्डे का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे का जल्द ही शिलान्यास होना है। इससे पहले भी डीजीएम साहब की ओर से निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए थे, ताकि किसी भी तरह की कमी बाकी न रहे और शिलान्यास कार्यक्रम को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सके। अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध सुविधाओं, रनवे और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन का प्रयास है कि कार्यक्रम से पहले जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष फोकस
वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि हवाई अड्डे के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे के पास से नेशनल हाईवे गुजरता है, इसलिए वहां की स्थिति को भी देखा जा रहा है। इसके अलावा यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि हवाई अड्डे के परिसर से किसी भी तरह की अनधिकृत आवाजाही न हो।
एसएसपी ने बताया कि हवाई अड्डे के निर्माण कार्य के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर ध्यान दिया जा रहा है। निर्माण कार्य और अन्य आवश्यकताओं को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और फोर्स के डेपुटेशन की व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है। पताही हवाई अड्डे के निरीक्षण और प्रशासनिक तैयारियों के बाद अब मुजफ्फरपुर के लोगों की नजर मुख्यमंत्री के संभावित दौरे और शिलान्यास कार्यक्रम पर टिकी है। यदि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार शिलान्यास होता है, तो लंबे समय से हवाई सेवा की राह देख रहे मुजफ्फरपुरवासियों के लिए यह बड़ा कदम माना जाएगा।