मुजफ्फरपुर के सरैया थाना क्षेत्र के सारण-मुजफ्फरपुर एनएच-722 के सरैया बाजार के पास स्थित एक मॉल में भीषण आग लग गई। मॉल में आग लगने के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। सरैया थाना के सामने लगी इस भीषण आग से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और आग तेजी से फैलने लगी।
ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
मॉल के कपड़े के शोरूम में आग लगने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान आग की तेज लपटों के आगे पानी भी बेअसर होता दिखा। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम ने दो अतिरिक्त वाहन मंगवाए और फायर ब्रिगेड कर्मियों ने फिर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस अग्निकांड में भारी नुकसान हुआ है।
सुबह करीब 5 बजे यह लगी आग
सरैया बाजार इलाके में सड़क किनारे स्थित मॉल में आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे यह आग लगी थी, जो देखते ही देखते विकराल रूप ले चुकी थी। आग की तेज लपटों के कारण आसपास के लोग दहशत में आ गए और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई।
ये भी पढ़ें:
मस्जिद से चोरी के आरोप में पंचायत ने दिया फैसला, पिटाई का वीडियो वायरल; मुखिया प्रतिनिधि गिरफ्तार
नुकसान का आकलन और जांच जारी
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है और समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल क्षति का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, जिसकी जांच जारी है।