12 घंटे छापेमारी कर लौटी आर्थिक अपराध इकाई टीम
- फोटो : Amar Ujala
बिहार के सासाराम जिले में लघु सिंचाई विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अरविंद कुमार चौधरी के मुजफ्फरपुर स्थित ससुराल में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की रेड खत्म हो गई है। छह घंटे बाद चाबी मंगाकर कमरा खोला गया था और रात 9 बजे तक चली जांच के बाद टीम वापस लौट गई। बता दें कि, आय से अधिक संपत्ति के मामले में गुरुवार सुबह से कार्रवाई चल रही थी। मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के स्पीकर चौक स्थित अरविंद कुमार चौधरी के ससुराल पहुंची टीम को कई घंटे तक चाबी का इंतजार करना पड़ा।
पुलिस की टीम को सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया गया था
भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने कार्रवाई समाप्त करने के बाद कई अहम दस्तावेज और जरूरी कागजात अपने साथ लेकर निकल गई। इस कार्रवाई से पहले स्थानीय पुलिस की टीम को सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया गया था। वहीं, इस कार्रवाई से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस द्वारा मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दरअसल, आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने पटना, मुजफ्फरपुर, बांका और सासाराम में एक साथ कार्रवाई की थी।
लाखों रुपये की ज्वेलरी और नकदी मिली
मुजफ्फरपुर स्थित उनके ससुराल के मकान पर आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने तलाशी के दौरान कई अलमारियों के लॉक भी तोड़े। यह भी बात सामने आ रही है कि वहां से लाखों रुपये की ज्वेलरी और नकदी मिली है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल, आर्थिक अपराध इकाई की टीम सभी सामानों को जब्त कर आगे की जांच कर रही है। इस दौरान टीम ने कई जरूरी कागजात भी जब्त किए हैं, जिनमें जमीन के अलावा कई अन्य संपत्तियों की खरीद-बिक्री से संबंधित जानकारी उपलब्ध हो सकती है। इस मामले में जल्द ही EOU के अधिकारियों द्वारा विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
ये भी पढ़ें-
घर में सन्नाटा, बेड पर बेजान पड़ा था शव; सॉफ्टवेयर कर्मी की मौत से गहराया रहस्य, पुलिस खंगाल रही सुराग
वहीं, देर शाम तक चली इस छापेमारी को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा और इस दौरान लोगों की आवाजाही भी अपेक्षाकृत कम रही।