बुजुर्ग के खाते में आए अरबों रुपए
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सकरा थाना क्षेत्र के रहने वाले एक बुजुर्ग अपने खाते से 1,100 रुपये की वृद्धावस्था पेंशन निकालने सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) पहुंचे थे। पेंशन की राशि निकालने के बाद जब उन्होंने खाते का बैलेंस चेक कराया तो स्क्रीन पर 7 अरब 59 करोड़ 69 लाख 51 हजार 951 रुपये 16 पैसे (₹7,59,69,51,951.16) की राशि दिखाई देने लगी। इसे देखकर बुजुर्ग के साथ-साथ सीएसपी संचालक भी हैरान रह गया।
₹1100 निकालने के बाद बैलेंस देखकर उड़ गए होश
जानकारी के अनुसार, सकरा थाना क्षेत्र निवासी कामेश्वर मिश्र 'घुमक्कड़' राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत मिलने वाली राशि निकालने गांव के पास स्थित सीएसपी केंद्र पहुंचे थे। संचालक ने उनके खाते से 1,100 रुपये निकालकर उन्हें दे दिए। इसके बाद जब खाते में बची राशि की जानकारी ली गई तो कंप्यूटर स्क्रीन पर अरबों रुपये का बैलेंस दिखाई देने लगा।
कुछ मिनट तक किसी को नहीं हुआ यकीन
शुरुआत में सीएसपी केंद्र पर मौजूद लोगों को लगा कि शायद स्क्रीन पर कोई त्रुटि है। लेकिन जब राशि को दोबारा देखा गया तो खाते में ₹7,59,69,51,951.16 दर्ज दिखाई दे रहे थे। कुछ मिनट तक केंद्र पर मौजूद सभी लोग इस असामान्य बैलेंस को देखकर हैरान रहे।
कामेश्वर मिश्र ने बताया कि पेंशन निकालने के बाद जब उन्होंने बैलेंस की जानकारी मांगी तो सीएसपी संचालक कुछ देर तक कुछ बोल नहीं पाया। बाद में जब उन्होंने स्वयं स्क्रीन पर राशि देखी तो वह भी दंग रह गए। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि यह ईश्वर की कृपा थी या फिर कोई तकनीकी गड़बड़ी। हालांकि, करीब 10 मिनट बाद खाते में दिखाई दे रही राशि सामान्य हो गई।
यह भी पढ़ें:
बांकीपुर में नामांकन के बाद गिरफ्तार वीणा मानवी को जमानत; तेज प्रताप ने कहा था- चक्र चलेगा
तकनीकी गड़बड़ी की आशंका
खाते में कुछ समय के लिए अरबों रुपये का बैलेंस दिखाई देने के बाद मामला तकनीकी गड़बड़ी से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में बैंक की ओर से आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है।