मुजफ्फरपुर जिले में शारदीय नवरात्र की सप्तमी के अवसर पर शाम पूजा-अर्चना के बाद दुर्गा पंडालों में स्थापित माता दुर्गा के पट खोल दिए गए। पट खुलते ही पंडालों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और चारों ओर जय माता दी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
शहर के कल्याणी धर्मशाला चौक, मोतीझील हरिसभा, सरैयागंज टॉवर, पंकज मार्केट, गोला रोड, ब्रह्मपुरा माई स्थान, कलमबाग रोड, जुड़न छपरा, महेश बाबू चौक, भगवानपुर, बनारस बैंक चौक, चंदवारा, लकड़ी ढाई समेत दर्जनों पूजा पंडालों में माता दुर्गा की प्रतिमाओं का पट खोलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं।
पढ़ें; संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिला शख्स का शव, परिजनों ने पैसे को लेकर धमकी की बात कही
सप्तमी तिथि पर भक्तों ने कालरात्रि स्वरूप की विशेष पूजा-अर्चना की। शाम को जैसे ही माता का पट खुला, लोग दर्शन के लिए उमड़ पड़े। सजे-धजे भव्य पंडालों में देर रात तक भक्तों की भीड़ लगी रही। पंडालों में माता दुर्गा के विभिन्न रूपों के साथ ही महिषासुर वध की झांकी तथा अन्य देवी-देवताओं के स्वरूप भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी माता के दर्शन-पूजन में शामिल हुए। पूजा के बाद भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। मुजफ्फरपुर शहर में दुर्गा पूजा का उल्लास चरम पर है और श्रद्धालु माता की भक्ति में डूबे नजर आ रहे हैं।