मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी थाना क्षेत्र के कोठियां गांव स्थित एनटीपीसी के प्रतिबंधित क्षेत्र में 45 वर्षीय शंभू सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मृतक अपनी बेटी के प्रसव को लेकर नाना बनने की खुशी में घर से निकले थे।
बेटी के प्रसव की खुशी में घर से निकले थे शंभू
काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो फोन स्विच ऑफ मिला। इसी दौरान गांव के लोगों ने शंभू का शव मिलने की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो शव शंभू का निकला।
एक महीने से मिल रही थी जान से मारने की धमकी
इंदु देवी ने बताया कि करीब एक महीने से शंभू को जान से मारने की धमकी मिल रही थी। उन्हें और शंभू को कहा जाता था कि संभलकर रहें, नहीं तो कुछ भी हो सकता है। अब पुलिस इसी धमकी को हत्या की घटना से जोड़कर जांच कर रही है।
गोली मारकर हत्या की आशंका, FSL ने जुटाए साक्ष्य
पूरे मामले में एसडीपीओ वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि कांटी थाना क्षेत्र के कोठिया निवासी शंभू सहनी का शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला गोली मारकर हत्या का प्रतीत हो रहा है। मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच में जुटी है।
हत्या के बाद जांच करती हुई पुलिस टीम।
रोते-बिलखते परिजन।