बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है। रोहुआ बाजार के पास दिनदहाड़े बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जमीनी विवाद की बात आई सामने
मृतक की पहचान प्रहलादपुर गांव निवासी 30 वर्षीय प्रभात कुमार मिश्रा उर्फ अंकित कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से महुआ क्षेत्र के रहने वाले थे। प्रेम प्रसंग में शादी करने के बाद वह मुसहरी इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। वह जमीन के कारोबार से जुड़े हुए थे और शुरुआती जांच में जमीन विवाद की बात सामने आ रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रभात कुमार किसी काम से रोहुआ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवाई। इसके बाद एक अपराधी बाइक से उतरा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली प्रभात के सिर और मुंह में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें-
Bihar: मिड-डे मील खाते ही बिगड़ी बच्चों की तबीयत, तीन दर्जन से ज्यादा छात्र अस्पताल में भर्ती; कई हुए बेहोश
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलते ही मुसहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिसमें एक बाइक पर दो बदमाश दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है। इस मामले में सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि बाइक सवार दो अपराधियों ने युवक को कई गोलियां मारी हैं। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद का मामला सामने आया है। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।