पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मुजफ्फरपुर में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े नहीं, बल्कि देर रात सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर आलू-प्याज कारोबारी के मुंशी से 3.18 लाख रुपये लूट लिए। घटना ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के चांदनी चौक ओवरब्रिज के पास हुई। दो बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने मुंशी को ओवरटेक कर हथियार के बल पर नगदी से भरा बैग लूट लिया और भगवानपुर की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
ओवरब्रिज से नीचे उतरते ही बदमाशों ने घेरा
व्यवसाई के मुंशी सूर्यकांत सिंह ने बताया कि वह रात में अपने एक साथी के साथ लौट रहे थे। वह अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित बाजार समिति में आलू-प्याज कारोबारी के यहां मुंशी का काम करते हैं। रात में चांदनी चौक ओवरब्रिज से नीचे उतरते ही दो बाइक पर सवार तीन बदमाश उनके पास पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने बाइक से उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया और नगदी से भरा बैग छीन लिया। बदमाशों ने वारदात के दौरान हथियार का इस्तेमाल किया, जिसके कारण डर के चलते उन्हें बैग देना पड़ा। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश दोनों बाइक से भगवानपुर की ओर तेजी से भाग निकले।
पहले से रेकी करने का शक
घटना के बाद आशंका जताई जा रही है कि बदमाश पहले से कारोबारी के मुंशी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। माना जा रहा है कि लुटेरे सुनसान जगह मिलने का इंतजार कर रहे थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया।
मुंशी सूर्यकांत सिंह ने बताया कि घटना के बाद वह और उनका साथी काफी डर गए थे। इसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
ब्रह्मपुरा थाना प्रभारी विपिन रंजन ने बताया कि कारोबारी के मुंशी से 3.18 लाख रुपये लूटे जाने की सूचना मिली है। घटना देर रात की है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाश जिस दिशा में भागे हैं, उस रास्ते पर भी सघन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।