मुजफ्फरपुर शहरवासियों का लंबे समय से इंतजार आखिरकार रविवार को खत्म हो गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सिकंदरपुर स्थित अत्याधुनिक लेक फ्रंट मरीन ड्राइव का लोकार्पण कर इसे आम लोगों को समर्पित कर दिया। करीब 213 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना के शुरू होने के साथ ही अब शहर के लोगों को पर्यटन, मनोरंजन और आधुनिक शहरी सुविधाओं का नया केंद्र मिल गया है। मुख्यमंत्री रविवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह करीब 11:40 बजे सिकंदरपुर लेक फ्रंट मरीन ड्राइव पहुंचे। उन्होंने विधिवत उद्घाटन के बाद इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जनता के लिए खोल दिया।
इन जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, पूर्व सांसद रमा देवी, सदर विधायक रंजन कुमार, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल सहनी, महापौर निर्मला साहू, उपमहापौर डॉ. मोनालिसा सहित एनडीए के कई जनप्रतिनिधि, मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बोटिंग से लेकर फूड कोर्ट तक मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
सिकंदरपुर लेक फ्रंट मरीन ड्राइव परियोजना को आधुनिक शहरी सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यहां लेक-1, लेक-2 और लेक-3 को विकसित किया गया है। लोगों के मनोरंजन और पर्यटन को ध्यान में रखते हुए बोटिंग, फूड कोर्ट, फूड पार्क, आकर्षक वॉकिंग ट्रैक, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
लंबे इंतजार के बाद मिली सौगात
शहरवासी लंबे समय से इस परियोजना के शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। अब इसके उद्घाटन के साथ ही मुजफ्फरपुर को एक नया पर्यटन स्थल और आधुनिक सार्वजनिक स्थान मिल गया है, जहां लोग परिवार और मित्रों के साथ समय बिता सकेंगे।
ये भी पढ़ें-
Bihar Weather: पूरे बिहार में आज भी बारिश-वज्रपात का अलर्ट, जानिए अपने जिले के मौसम का हाल
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पूरे कार्यक्रम के दौरान मुस्तैद रहे, जिससे उद्घाटन समारोह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।