मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के सरगणेशदत्त नगर स्थित एक निजी स्कूल के हॉस्टल से चौथी कक्षा का छात्र रहस्यमय ढंग से लापता हो गया है। छात्र हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। शुक्रवार दोपहर अचानक उसके लापता होने के बाद स्कूल प्रशासन से लेकर परिजनों में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने छात्र की जल्द से जल्द बरामदगी को लेकर पुलिस से गुहार लगाई है।
मिली जानकारी के अनुसार, लापता छात्र देवांशु ठाकुर के पिता का नाम चंदन ठाकुर और माता का नाम अनुराधा देवी ठाकुर है। छात्र का अस्थायी पता लक्ष्मीनगर, पताही, सदर थाना, मुजफ्फरपुर है। वहीं, उसका स्थायी पता सुभाष नगर, कुतुबुल्लापुर, जिदी मेटला, जिला के.वी. रंगारेड्डी, तेलंगाना है।
हॉस्टल की खिड़की खोलकर निकल गया छात्र
मामले को लेकर स्कूल के प्रबंध निदेशक ब्रजेश कुमार ने सदर थाना पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, शुक्रवार 21 अगस्त को दोपहर करीब दो बजे स्कूल में छुट्टी हुई। इसी दौरान देवांशु कथित तौर पर हॉस्टल के कमरे की खिड़की खोलकर बाहर निकल गया।
काफी देर तक छात्र के दिखाई नहीं देने पर हॉस्टल के कर्मचारियों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस जांच में जुटी है। छात्र की सकुशल बरामदगी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar News: बिहार में गंगा का रौद्र रूप! रातोंरात डेढ़ फीट बढ़ा जलस्तर, सैकड़ों एकड़ फसल डूबी; फसलों पर संकट
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश तेज
सदर थाना पुलिस ने बताया कि छात्र के परिजनों के संपर्क में पुलिस लगातार है। संभावित ठिकानों पर नजर रखते हुए छापेमारी की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और स्थानीय स्तर से मिले इनपुट के आधार पर छात्र की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि छात्र को जल्द ही सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।