फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: दहेज के लिए विवाहिता से बर्बरता, 20 लाख नहीं मिले तो हाथ-पैर बांधकर पीटा; मुंह में ठूंसा कपड़ा

Mon, 26 Oct 2026 12:33 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर

सार

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही मोहल्ले में दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पीड़िता बबली कुमारी ने आरोप लगाया है कि दहेज में 20 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर उसके पति प्रभात कुमार और ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके हाथ-पैर बांधकर पिटाई की।
विज्ञापन
दहेज प्रताड़ना
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक विवाहिता के साथ मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही मोहल्ले में रहने वाली विवाहिता बबली कुमारी ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज में 20 लाख रुपये नहीं मिलने पर उसके हाथ-पैर बांध दिए और बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि उसकी चीख-पुकार किसी को सुनाई न दे, इसके लिए आरोपियों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गई। पीड़िता ने अपने पति प्रभात कुमार समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

20 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर प्रताड़ित करने का आरोप

पीड़िता बबली कुमारी का आरोप है कि उसका पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग दहेज में 20 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता का कहना है कि दहेज के लिए उसे परेशान करने के साथ ही उसके साथ हिंसा की गई।

पति पर पहली शादी की बात छिपाकर दूसरी शादी करने का आरोप

बबली कुमारी ने अपने पति प्रभात कुमार पर पहले से शादीशुदा होने के बावजूद दूसरी शादी करने का आरोप भी लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, उसके पति ने पहली शादी की बात उससे और उसके परिवार से छिपाई थी। इस तरह उन्हें अंधेरे में रखकर शादी की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान होश में आने के बाद भी ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसने फोन कर अपने मायके वालों को पूरी घटना की जानकारी दी।

19 नवंबर 2024 को हुई थी शादी

पीड़िता मूल रूप से बिहार के गयाजी जिले की रहने वाली है। उसकी शादी 19 नवंबर 2024 को मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र निवासी प्रभात कुमार से हुई थी। बबली के अनुसार, बीते दिनों रात में उसके पति ने दहेज में 20 लाख रुपये लाने की मांग की। जब उसने मायके से इतनी रकम लाने में असमर्थता जताई तो उसके हाथ-पैर बांध दिए गए। आरोप है कि इसके बाद उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर पिटाई की गई, जिससे वह बेहोश हो गई।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। उसने अपने पति प्रभात कुमार समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मामले में सदर थाना पुलिस का कहना है कि मारपीट और प्रताड़ना के संबंध में शिकायत मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें