बिहार के मुजफ्फरपुर में राष्ट्रीय लीची अनुसंधान संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे राज्य सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा। इस दौरान मंच से भाषण देते हुए विभाग बदलने को लेकर उनका दर्द छलक पड़ा। “बिहार लीची संगम: बाग से निर्यात तक” कार्यक्रम के दौरान उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि वह पूरी तल्लीनता के साथ पढ़ाई करते हैं, लेकिन परीक्षा देने के समय उनका विषय ही बदल दिया जाता है, जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ जाती हैं। इस मौके पर उन्होंने लीची की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
मंत्री ने तंज भरे अंदाज में कही अपनी बात
मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, 'मैं पूरी तल्लीनता से पढ़ाई करता हूं, लेकिन परीक्षा देने के समय सब्जेक्ट ही बदल जाता है। फिर भी परीक्षा देने की कोशिश करता हूं। पढ़ाई करता हूं तो पढ़ाने वाले लोग ही बेईमान निकलते हैं और जब उन पर कार्रवाई करता हूं, तब तक सब्जेक्ट बदल जाता है।' मंत्री के इस बयान को विभाग बदलने के संदर्भ में देखा जा रहा है। उनके बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई।
कार्यक्रम में जुटे किसान और वैज्ञानिक
मुसहरी स्थित राष्ट्रीय लीची अनुसंधान संस्थान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लीची वैज्ञानिक, किसान और कृषि विशेषज्ञ शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने लीची किसानों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों को मैदान में उतरने की सलाह
मंत्री ने कहा कि जब मंत्री खुद ग्राउंड पर उतरकर काम कर रहे हैं तो अधिकारियों को भी मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार बिहार के किसानों और खासकर लीची उत्पादकों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से काम कर रही है।
महिला किसान ने रखी अपनी समस्या
कार्यक्रम के दौरान लीची किसान मालती देवी ने मंच से अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि वह 11 एकड़ में लीची की खेती करती हैं, लेकिन इस बार “स्टिंग बग” की वजह से उत्पादन काफी कम हुआ है। उन्होंने सरकार से लीची फसल का बीमा लागू करने की मांग की। महिला किसान ने कहा कि अगर ऐसी स्थिति बनी रही तो किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो जाएंगे। वहीं, एक अन्य किसान ने लीची को दूसरे राज्यों तक भेजने में होने वाली परेशानियों की जानकारी मंत्री को दी।
ये भी पढ़ें:
पिता ने शादीशुदा बेटी की जान क्यों ली? गला घोंट कर हत्या, बोरे में भरकर नदी में फेंका
किसानों को बेहतर सुविधा देने का भरोसा
समस्याएं सुनने के बाद मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की हर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। लीची किसानों को बेहतर बाजार, परिवहन सुविधा और तकनीकी सहयोग देने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की पहचान कृषि और बागवानी से है और सरकार किसानों को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।