मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित मेंहदी हसन चौक के पास एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़की के साथ घर में घुसकर छेड़खानी और उस पर पेट्रोल छिड़कने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता की मां ने इस संबंध में थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति लालाबाबू पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता की मां का कहना है कि आरोपी ने पहले घर में घुसकर मारपीट की, फिर उसकी बेटी के साथ बदसलूकी की। इसके बाद उसने पेट्रोल छिड़क दिया, जिससे बच्ची झुलस गई। परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि आरोपी लालाबाबू की पत्नी और पीड़िता के परिजन एक महिला समूह के जरिए लोन देने और लेने का काम करते हैं। दोनों पक्षों के बीच पहले भी मारपीट की घटना हो चुकी है, जिसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उसी पुराने विवाद को लेकर एक बार फिर यह हमला किया गया।