मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में निजी फाइनेंस कंपनी के डिविजनल फील्ड ऑफिसर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय रविश कुमार के रूप में हुई है, जो सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के निवासी थे। वे करीब छह महीने पहले ही इस पद पर कार्यरत हुए थे और कंपनी के काम से मुजफ्फरपुर आ रहे थे।
घटना के संबंध में साथ चल रहे कंपनी के एक फील्ड ऑफिसर ने बताया कि रविश कुमार अपनी बाइक से आगे चल रहे थे। इसी दौरान राजडीह एनएच-527सी के पास उनकी बाइक सड़क किनारे गिरी हुई मिली। जांच करने पर पता चला कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी।
पढ़ें: राज्यसभा जाने से पहले वाल्मीकि नगर पहुंचे सीएम नीतीश कुमार, पश्चिमी चंपारण को क्या-क्या सौगातें दीं?
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रविश कुमार को इलाज के लिए कटरा पीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कटरा थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हुई है। अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच जारी है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार और कंपनी के साथियों में गहरा शोक व्याप्त है।