मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र में कथित झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से एक मासूम की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि गांव के एक निजी क्लीनिक में बच्चे के घाव का ऑपरेशन किया गया, लेकिन कुछ देर बाद ही उसे घर भेज दिया गया। घर पहुंचने के बाद बच्चे के घाव से तेज खून बहने लगा। गंभीर हालत में परिजन उसे श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि ग्रामीणों में आक्रोश है। वहीं, आरोप है कि घटना के बाद कथित झोलाछाप चिकित्सक क्लीनिक छोड़कर फरार हो गया।
घाव का ऑपरेशन कर घर भेजने का आरोप
मृतक बच्चे के परिजन मोहम्मद इमरान और गजपती खातून ने बताया कि वे बच्चे के शरीर पर हुए एक घाव का इलाज कराने के लिए मनियारी स्थित एक निजी क्लीनिक पहुंचे थे। उनका आरोप है कि वहां मौजूद कथित चिकित्सक ने पर्याप्त संसाधन और व्यवस्था के बिना ही बच्चे के घाव का ऑपरेशन कर दिया और कुछ देर बाद उसे घर भेज दिया।
घर पहुंचते ही घाव से बहने लगा तेज खून
परिजनों के अनुसार, घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद बच्चे के घाव से लगातार तेज खून बहने लगा। काफी प्रयास के बावजूद खून नहीं रुका और बच्चे की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उसे दोबारा उसी क्लीनिक लेकर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि बच्चे की गंभीर हालत देखकर क्लीनिक संचालक ने हाथ खड़े कर दिए और खून चढ़ाने की जरूरत बताते हुए किसी बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
एसकेएमसीएच में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
इसके बाद परिजन बच्चे को तत्काल एसकेएमसीएच लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का दावा है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने भी ऑपरेशन में लापरवाही की बात कही।
यह भी पढ़ें:
नेपाल की बारिश से उत्तर बिहार में बाढ़ का कहर! बागमती के बहाव में 50 फीट सड़क बही, गांव का संपर्क टूटा
क्लीनिक पहुंचने पर फरार मिला डॉक्टर
बच्चे की मौत के बाद जब परिजन शव लेकर संबंधित क्लीनिक पहुंचे तो कथित चिकित्सक वहां से फरार मिला। इसके बाद परिजनों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। मासूम की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश है।