मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर कॉरिडोर फेज-1 के लिए राज्य सरकार ने 6.19 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। पहली किस्त के रूप में 2 करोड़ रुपये जारी हुए हैं। एक वर्ष में परियोजना पूरी करने का लक्ष्य है, जिससे श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ मंदिर में श्रावणी मेले से ठीक पहले शिवभक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार के पर्यटन विभाग ने बाबा गरीबनाथ कॉरिडोर फेज-1 परियोजना के लिए 6 करोड़ 19 लाख 30 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पहली किस्त के रूप में 2 करोड़ रुपये की निकासी एवं व्यय की भी मंजूरी दे दी गई है।
विज्ञापन
जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया, एक वर्ष में पूरा होगा निर्माण
पर्यटन विभाग की टीम और जिला पदाधिकारी कुमार गौरव द्वारा किए गए स्थलीय निरीक्षण के महज 15 दिनों के भीतर परियोजना के लिए राशि जारी कर दी गई। इस परियोजना का क्रियान्वयन बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम करेगा। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए एक वर्ष का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और अगले दो से ढाई महीने में निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना है। कॉरिडोर बनने से बाबा गरीबनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
कॉरिडोर के तहत मंदिर परिसर का होगा व्यापक विकास
कॉरिडोर योजना के तहत बाबा गरीबनाथ मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार को भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। इसके अलावा ऐतिहासिक साहू पोखर का समग्र विकास एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। मंदिर परिसर में आधुनिक शौचालय, भव्य प्रवेश द्वार और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास होगा। साथ ही मंदिर के आसपास के पूरे क्षेत्र को भी व्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाएगा।
पर्यटन मंत्री बोले- धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा मुजफ्फरपुर
पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बाबा गरीबनाथ कॉरिडोर बनने से मंदिर की भव्यता बढ़ेगी और मुजफ्फरपुर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा। उन्होंने कहा कि आसपास के जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी बताया कि निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी को प्रत्येक माह कार्य की प्रगति रिपोर्ट, फोटो और वीडियो के साथ विभाग को सौंपनी होगी।