फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: बिहार बंद से पहले हाई अलर्ट! मुजफ्फरपुर समेत छह जिलों में इंटरनेट बंद, चप्पे-चप्पे पर पुलिस

Fri, 24 Jul 2026 08:44 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर

सार

नीट पेपर लीक के विरोध और बिहार बंद को लेकर मुजफ्फरपुर समेत तिरहुत प्रमंडल के छह जिलों में प्रशासन हाई अलर्ट पर है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, दो दिनों के लिए इंटरनेट और कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बंद किए गए हैं।
विज्ञापन
तिरहुत प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नीट परीक्षा पेपर लीक समेत कई मुद्दों को लेकर छात्र संगठनों के प्रदर्शन और शनिवार को प्रस्तावित बिहार बंद के मद्देनजर मुजफ्फरपुर समेत पूरे तिरहुत प्रमंडल में प्रशासन हाई अलर्ट पर है। हाल के प्रदर्शनों के दौरान हुई तोड़फोड़ और हिंसा को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगाई गई है और ड्रोन से निगरानी की जा रही है।

छह जिलों में अलर्ट, अधिकारियों को विशेष निर्देश

तिरहुत प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के जिला अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए। अगर कोई कानून-व्यवस्था या शांति भंग करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संवेदनशील जगहों पर बढ़ाई गई सुरक्षा

मुजफ्फरपुर जिले के समाहरणालय, प्रमुख चौक-चौराहों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है प्रशासन पूरे हालात पर लगातार नजर रख रहा है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

आम लोगों को परेशानी न हो, प्रशासन का फोकस

प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्रदर्शन के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। आपातकालीन सेवाएं और लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी सभी सेवाएं सुचारु रूप से चलती रहें, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन लगातार इसकी निगरानी कर रहा है।

दो दिन इंटरनेट बंद, ड्रोन से रखी जा रही निगरानी

मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर शहर के दोनों पुलिस अनुमंडल क्षेत्रों में इंटरनेट और सोशल मीडिया के 24 प्लेटफॉर्म दो दिनों के लिए बंद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके अलावा ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है ताकि हर गतिविधि और संदिग्ध मूवमेंट पर नजर रखी जा सके।

ये भी पढ़ें- बांकीपुर विधानसभा चुनाव पर लटकी तलवार! क्यों-क्या होने की आशंका? पुलिस की तैयारी भी जानें

कंट्रोल रूम से होगी लगातार मॉनिटरिंग

प्रमंडलीय आयुक्त ने बताया कि सरकार के निर्देश पर मुजफ्फरपुर समेत प्रमंडल के सभी छह जिलों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। जिला स्तर पर अधिकारियों द्वारा निगरानी की जाएगी, जबकि प्रमंडल स्तर पर भी अलग कंट्रोल रूम से पूरी व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि वह खुद और प्रमंडल के दोनों डीआईजी लगातार हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।

लोगों से अपील- घबराएं नहीं

प्रमंडलीय आयुक्त ने लोगों से अपील की कि बिहार बंद और प्रदर्शन के दौरान घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस आम लोगों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। साथ ही प्रदर्शनकारियों से भी शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि भीड़ में शामिल कोई भी व्यक्ति अगर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं

प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि प्रमंडल के सभी छह जिलों के डीएम और एसपी को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है और अगर कोई असामाजिक या उपद्रवी तत्व हिंसा का सहारा लेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें