श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल का बताया जा रहा मामला
- फोटो : Amar Ujala
मुजफ्फरपुर जिले के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SKMCH) से बुधवार को इलाजरत एक आरोपी महिला फरार हो गई। बताया जा रहा है कि उक्त महिला पर अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे को बिस्किट में जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप है। मेडिकल कॉलेज से आरोपी महिला के फरार होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
फरार महिला को अपने ढाई साल के मासूम बेटे को बिस्किट में जहर देकर मारने के आरोप में बीते दिनों गिरफ्तार किया गया था। वह मेडिकल कॉलेज के एमसीएच वार्ड में महिला पुलिस की अभिरक्षा में इलाजरत थी। अब पुलिस फरार आरोपी महिला की तलाश में जुट गई है।
बेटे को जहर देने के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी
पूरा मामला जिले के रामपुरहरि थाना क्षेत्र के टेंगरांहा उत्तरी टोला का है। यहां 20 अगस्त को अखिलेश राम के ढाई वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार की मौत के मामले में उसकी पत्नी आरती देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। घटना के बाद महिला ने खुद भी जहर खा लिया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। इलाज के बाद तबीयत ठीक होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और जेल भेज दिया था। उस दौरान उक्त महिला दो माह की गर्भवती थी। इसी बीच करीब चार दिन पहले अचानक उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां महिला पुलिस बल की अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा था।
ये भी पढ़ें-
घर तक डॉक्टर : आज से 90 दिनों तक बिहार में सरकार कराएगी जांच-उपचार; छह करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग है लक्ष्य
सुरक्षाकर्मियों की नजर हटते ही फरार हुई महिला
बुधवार को सुरक्षाकर्मियों की नजर हटते ही आरोपी महिला मौका पाकर अस्पताल से चुपके से फरार हो गई। बताया जा रहा है कि उसके फरार होने की भनक मौके पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को भी नहीं लगी। मेडिकल कॉलेज के कैदी वार्ड से आरोपी महिला के भागने की सूचना मिलते ही एसकेएमसीएच ओपी पुलिस और थाने की पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस की टीम अस्पताल परिसर, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी महिला के भागने की दिशा का पता लगाया जा सके। वहीं, इस मामले में अभिरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही को लेकर वरीय अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।