मुजफ्फरपुर पुलिस ने वर्ष 2018 में पत्नी की हत्या के मामले में आठ साल से फरार आरोपी राजेश कुमार यादव को सीतामढ़ी से गिरफ्तार किया। आरोपी ने अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या की थी। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मुजफ्फरपुर पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में पिछले आठ वर्षों से फरार चल रहे आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। सदर थाना पुलिस ने आरोपी को सीतामढ़ी जिले से दबोचा। आरोपी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के नंदपुरी मोहल्ला निवासी राजेश कुमार यादव के रूप में हुई है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2018 में राजेश कुमार यादव ने पत्नी पर अवैध संबंध होने के शक में उसकी निर्मम हत्या कर दी थी। घटना के बाद से वह लगातार फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी और उसे जिला पुलिस की टॉप-10 फरार अपराधियों की सूची में भी शामिल किया गया था। विशेष टीम को सूचना मिली कि आरोपी सीतामढ़ी में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
एसडीपीओ टाउन-2 बिनीता सिन्हा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से गिरफ्तारी वारंट जारी था। उन्होंने कहा कि एफएसएल जांच में यह पुष्टि हुई थी कि महिला की मौत एल्यूमिनियम फॉस्फाइड और अन्य रसायनों के कारण हुई थी। आरोपी घटना के बाद से फरार था, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।