अनोखे प्रेम विवाह की तस्वीरें हुईं वायरल
- फोटो : अमर उजाला
मोतिहारी में हुई एक अनोखी शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने सभी को चौंका दिया है। आमतौर पर लोग अपनी शादी या तो बारात के साथ लड़की के घर पर बनाए गए मंडप में करते हैं, या फिर किसी धार्मिक स्थल पर विवाह संस्कार संपन्न करते हैं। लेकिन मोतिहारी के चिरैया प्रखंड क्षेत्र के सिरौना गांव में हुई एक शादी ने इन सभी पारंपरिक तरीकों को पीछे छोड़ दिया।
ग्रामसभा में कराया गया विवाह
जानकारी के मुताबिक, चिरैया प्रखंड के सिरौना गांव में एक अनोखा विवाह समारोह हुआ। जहां इस बार सरपंच के समक्ष ग्रामसभा में प्रेमी युगल की शादी कराई गई। यह शादी अब क्षेत्र में एक चर्चा का विषय बन चुकी है। दरअसल, पताही प्रखंड के छोटका बलुआ गांव के रहने वाले जगदीश कुमार और सिरौना गांव की गुड़िया कुमारी एक-दूसरे से इस कदर प्यार करते थे कि उन्होंने साथ जीने और मरने का वादा किया था। दोनों लगातार आपस में मिलते रहते थे। लेकिन जैसे ही उनके घरवालों को इस बारे में जानकारी मिली, तो दोनों के परिजनों के बीच टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सरपंच की पहल से सुलझा विवाद
जब यह मामला सरपंच कुमार सौरभ के पास पहुंचा, तो उन्होंने दोनों परिवारों को समझाया और सभी को ग्रामसभा के सामने बुलाकर दोनों की शादी करवाने का फैसला लिया। इस पहल से दोनों परिवारों के बीच का विवाद सुलझा और प्रेमी युगल की शादी एक अनोखे तरीके से संपन्न हुई।
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी शादी
जैसे ही इस शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गईं, यह शादी चर्चा का विषय बन गई। ग्रामसभा में संपन्न हुई यह शादी न केवल दोनों परिवारों के लिए खुशी का अवसर बनी, बल्कि पूरे क्षेत्र में एक नए तरीके से विवाह कराने की एक मिसाल पेश की।