मोतिहारी जिले में एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना में एक ग्रामीण चिकित्सक और उनकी पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना पीपरा थाना क्षेत्र के महुआवा कट के पास की है, जहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया। इस हादसे ने एक खुशहाल परिवार को उजाड़ दिया, वहीं गांव में गमगीन माहौल व्याप्त है। मृतकों की पहचान पीपरा थाना क्षेत्र के चकवारा वार्ड संख्या 10 निवासी डॉ. नगेंद्र प्रसाद (45) और उनकी पत्नी अंशु कुमारी (37) के रूप में की गई है।
जानकारी के मुताबिक, नगेंद्र प्रसाद लोकप्रिय ग्रामीण चिकित्सक थे और बनझुला कट के पास दवा की दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है कि शनिवार देर शाम वे अपनी पत्नी के साथ ससुराल में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे थे। तभी महुआवा कट के पास तेज गति से आ रही एक वैगनआर कार ने बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें- चाची से दरिंदगी: दुष्कर्म की कोशिश नाकाम होने पर हैवान बना युवक, पैर से मुंह दबाया; रॉड से किया घिनौना काम
कार के नीचे फंस गए पति-पत्नी, कई मीटर तक घसीटे गए
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पति-पत्नी कार के नीचे फंस गए और वाहन उन्हें घसीटते हुए कई मीटर दूर तक ले गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को गंभीर हालत में चकिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
बेटी का बुरा हाल, बुजुर्ग पिता बदहवास
इस हादसे ने मृतक दंपति की बेटी की दुनिया उजाड़ दी। हादसे की खबर मिलते ही बेटी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है, वहीं मृतक के बुजुर्ग पिता पूरी तरह से बदहवासी की हालत में हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: मद्य निषेध विभाग के छापे से बचकर भागा शख्स तालाब में गिरा, डूबने से मौत; ग्रामीणों ने फूंका वाहन
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी
पीपरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। कार चालक की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।