मोतिहारी जिले के चिरैया व शिकारगंज थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित अंबरिया मंदिर के समीप सोमवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव निवासी सुभाष पांडेय के पुत्र आकाश कुमार के रूप में की गई है। वह एक तिलक समारोह से लौट रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, आकाश कुमार अपने अन्य साथियों के साथ गंगा पीपर गांव से तिलक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान अंबरिया मंदिर के पास घात लगाए अपराधियों ने उसे घेर लिया और सीने में गोली मार दी। बताया जाता है कि घटना से पहले आकाश ने अपने भाई को फोन कर मारपीट और विवाद की सूचना दी थी।
सूचना मिलते ही उसका भाई और चाचा मौके पर पहुंचे, जहां मंदिर के पास पोखर के किनारे आकाश जमीन पर घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसकी सांसें धीमी चल रही थीं। परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल ढाका ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।